Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

रीवा रेंज में मादक पदार्थों पर बड़ी कार्रवाई, 77 मामलों का नशा हुआ नष्ट


रीवा रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के निर्देश पर गठित रेंज स्तरीय 'ड्रग विनष्टीकरण समिति' ने मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी विधिक प्रक्रिया पूरी की। सतना जिले के मनकहरी स्थित प्रिज्म जॉनसन लिमिटेड सीमेंट संयंत्र के उच्च तापमान वाले किल्न (भट्टी) में रीवा रेंज के पांचों जिलों—रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली एवं मैहर में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत दर्ज कुल 77 प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को पूर्णतः विनष्ट कर दिया गया। पर्यावरण मानकों और एनडीपीएस अधिनियम में निहित वैधानिक प्रावधानों का कड़ाई से पालन करते हुए यह संपूर्ण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।

268 किलो गांजा, लगभग 5 हजार शीशी कोरेक्स और नशीले कैप्सूल किए गए खाक

समिति द्वारा नष्ट किए गए मादक पदार्थों में विभिन्न थाना क्षेत्रों से जब्त 268.16 किलोग्राम गांजा, 4,995 शीशी प्रतिबंधित नशीली कोरेक्स कफ सिरप, 792 नशीले कैप्सूल और 4 ग्राम स्मैक शामिल रहे। विधिक प्रक्रिया के तहत न्यायालयीन आदेशों के अनुपालन में संबंधित थानों के जब्ती रिकॉर्ड से मिलान के उपरांत इन सभी सामग्रियों को औद्योगिक भट्टी में झोंककर पूरी तरह नष्ट किया गया, ताकि इसका कोई भी अवशेष समाज या पर्यावरण को नुकसान न पहुंचा सके।

डीआईजी और पुलिस अधीक्षकों की मौजूदगी में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सामने हुई प्रक्रिया

विनष्टीकरण की संपूर्ण कार्यवाही रेंज स्तरीय 'ड्रग विनष्टीकरण समिति' के अध्यक्ष एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रीवा रेंज हेमंत चौहान के नेतृत्व में संपन्न हुई। मौके पर समिति सदस्य के रूप में पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह, पुलिस अधीक्षक सतना हंसराज सिंह, प्रिज्म जॉनसन लिमिटेड मनकहरी के सीनियर प्रेसिडेंट और मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सतना के वैज्ञानिक अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा संबंधित पांचों जिलों के राजपत्रित पुलिस अधिकारी (डीएसपी/एसडीओपी), थानों के थाना प्रभारी और जब्ती मालखाना प्रभारी भी गवाह के रूप में मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने और लंबित मामलों के माल निस्तारण के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Date & Time : 2026-11-03 14:34:17

Share:

Leave A Reviews

Related News