
मंदसौर. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. मंगलवार को मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें गुरुग्राम (हरियाणा) के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है.
कैसे हुआ हादसा?
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह गरोठ के एंट्री गेट से एक ट्रक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चढ़ रहा था. ट्रक जैसे ही एक्सप्रेस-वे पर आया, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.
कार में सवार चार युवक गुरुग्राम से राजस्थान के बांसवाड़ा स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चाचाकोटा जा रहे थे. हादसे के वक्त बारिश होने और ट्रक के पीछे की लाइट बंद होने के कारण कार चालक को ट्रक समय पर दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते यह भयानक दुर्घटना हुई.
मृतकों और घायल की पहचान
इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों की पहचान इस प्रकार है:
अरविंद (पुत्र रोशनलाल, निवासी सिकंदरपुर, गुरुग्राम, हरियाणा)
बिंदर (पुत्र जगतसिंह, निवासी नाथूपुर, गुरुग्राम, हरियाणा)
कैलाश (निवासी अलवर, राजस्थान)
वहीं, इस दुर्घटना में विजेंदर (पुत्र हरपाल, निवासी नाथूपुर, गुरुग्राम, हरियाणा) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी के शवों को काफी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला गया. घायल विजेंदर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. गणेश चतुर्थी और त्योहारी सीजन के बीच हुए इस हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है.
Leave A Reviews