नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में मणिपुर के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। आम आदमी पार्टी ने इस घटना को लेकर भाजपा और दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी नेताओं ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राजधानी में आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। "आप" नेताओं ने इस घटना को नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के प्रति कथित तौर पर बढ़ती नफरत से जोड़ते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
![]()
नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में मणिपुर के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। आम आदमी पार्टी ने इस घटना को लेकर भाजपा और दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी नेताओं ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राजधानी में आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। "आप" नेताओं ने इस घटना को नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के प्रति कथित तौर पर बढ़ती नफरत से जोड़ते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
"आप" के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों के खिलाफ त्वरित और मिसाल कायम करने वाली कार्रवाई की उम्मीद करना भी मुश्किल हो गया है। केजरीवाल ने कहा कि अक्सर आरोपी सत्तारूढ़ दल से जुड़े होते हैं और पूरा तंत्र दोषियों को बचाने में लग जाता है। उनके मुताबिक, ऐसी परिस्थितियों में एक आम नागरिक खुद को पार्टी और सरकार के सामने बेबस महसूस कर रहा है।
"आप" के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी घटना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मणिपुर के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह पिछले करीब 10 वर्षों से दिल्ली में रह रहे थे। आरोप है कि घर के बाहर हो रहे शोर को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और उनकी मौत हो गई। सिसोदिया ने कहा कि मणिपुर में पिछले तीन वर्षों से हिंसा और अत्याचार की स्थिति बनी हुई है और अब राजधानी दिल्ली में भी मणिपुर से आने वाले लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार न तो मणिपुर में कानून-व्यवस्था कायम कर पाई और न ही दिल्ली में लोगों को सुरक्षा का भरोसा दे पा रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि भाजपा के मन में मणिपुर के लोगों के प्रति इतनी नफरत क्यों है। "आप" नेता अनुराग ढांडा ने इस हत्या को नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के प्रति कथित तौर पर फैलाए जा रहे द्वेष का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि नॉर्थ-ईस्ट में जिस तरह के हालात बने और भाजपा जिस तरह उन्हें संभालने में कथित तौर पर नाकाम रही, उसका असर समाज पर भी दिखाई दे रहा है। ढांडा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने समाज में नॉर्थ-ईस्ट के लोगों तथा अलग-अलग समुदायों और धर्मों के बीच द्वेष पैदा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश में आपसी भाईचारे और प्रेम को जोड़ने वाले धागे कमजोर किए जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि अब लोग सरकार की नीतियों और कथित राजनीति को समझने लगे हैं और इसके खिलाफ खुलकर आवाज उठा रहे हैं।
"आप" के नेता और कोंडली विधायक कुलदीप कुमार ने भी दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अब यह भरोसा करना मुश्किल हो गया है कि दिल्ली में कौन सुरक्षित है। उन्होंने सवाल उठाया कि देश की राजधानी में किस व्यक्ति का, कब और कहां कत्ल हो जाए, इसका किसी को पता नहीं है। कुलदीप कुमार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दिल्ली की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त होने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि राजधानी में अपराधियों के मन में कानून का डर खत्म होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने मणिपुरी संगीतकार की हत्या समेत दिल्ली में सामने आ रही अन्य आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार से जवाब मांगा। "आप" नेताओं ने मांग की है कि मणिपुरी संगीतकार की हत्या के मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त और जल्द कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने दिल्ली में रहने वाले नॉर्थ-ईस्ट के लोगों समेत सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम
Leave A Reviews