
पांढुर्णा। जिले के पांढुर्णा स्थित सिविल लाइन क्षेत्र में बुधवार रात सिलिंडर विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, हालांकि समय रहते लोग बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सिविल अस्पताल के पास रात करीब 10 बजे एक घर में गैस सिलिंडर फट गया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास के दो अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। प्रभावित मकान लक्ष्मण बिनझड़े, लाजवंती मोहबे और ललिता हापसे के बताए जा रहे हैं।
पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें घर का सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला। फर्नीचर, कपड़े, अनाज और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। एक स्कूटी भी आग में नष्ट हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए बिजली कंपनी ने एहतियातन आधे शहर की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए।
हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवारों को शीघ्र राहत और मुआवजा देने की मांग की है।
Leave A Reviews