
पन्ना । जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गाड़ी ग्राम पंचायत के श्यामपुर-हटूपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक और खतरनाक घटना सामने आई। बिजली के ट्रांसफार्मर पर एक बंदर के गिरने से हुए शॉर्ट सर्किट ने देखते ही देखते खेतों में भीषण आग का रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदर के करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारियां पास के खेतों में जा गिरीं, जहां सूखी नरवाई होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। तेज गर्मी और हवा ने आग को और विकराल बना दिया।

कुछ ही देर में आग गांव की रिहायशी बस्ती की ओर बढ़ने लगी, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों और मवेशियों को बचाने के लिए पानी और बाल्टियां लेकर मौके पर पहुंचे।
सबसे चिंताजनक बात यह रही कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड करीब डेढ़ घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। प्रशासन की इस लापरवाही से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई।
हालांकि, गांव के लोगों ने एकजुट होकर खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया और घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। ग्रामीणों की सतर्कता और साहस के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
Leave A Reviews