बालाघाट । में मंगलवार को कलेक्ट्रेट जनसुनवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला पेट्रोल और माचिस लेकर परिसर में पहुंच गई। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी शिकायत पर लंबे समय से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसके चलते वह आत्मदाह करने को मजबूर है।
जानकारी के अनुसार, वारासिवनी के सिकंद्रा निवासी नौशाद कुरैशी पिछले एक वर्ष से अपनी जमीन के सीमांकन को लेकर परेशान हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार जनसुनवाई में आवेदन दिया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज उनकी शिकायत को भी बिना समाधान के बंद कर दिया गया।
महिला का आरोप है कि उनके पड़ोसी द्वारा बिना सीमांकन कराए मकान का निर्माण किया जा रहा है, जिससे उनकी जमीन प्रभावित हो रही है। इसी मुद्दे को लेकर वे बार-बार प्रशासन के चक्कर काट रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मीडिया के सामने अपनी पीड़ा जाहिर करने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिला से बातचीत की। इस दौरान एसडीएम कार्तिकेय जायसवाल ने आश्वासन दिया कि बुधवार को जमीन का सीमांकन कराया जाएगा और मामले की विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी।
हालांकि, महिला ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय तक सीमांकन नहीं हुआ, तो वह आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठा सकती हैं। इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और शिकायत निवारण प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Leave A Reviews