
महू में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पीठ रोड स्थित मुक्तिधाम मार्ग पर एक संदिग्ध वस्तु मिली। यह वस्तु दिखने में बिल्कुल आर्मी बम जैसी प्रतीत हो रही थी। दोपहर करीब 12 बजे स्थानीय निवासी सुरेश कौशल ने एक भूसे की दुकान के पास इसे जमीन पर पड़े देखा। सुरेश ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत मोर्चा संभाला और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
सूचना मिलते ही महू पुलिस के अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। सब इंस्पेक्टर दीपक राठौर ने बताया कि बम निरोधक दस्ते (BDDS) को सूचित कर दिया गया है। टीम के पहुंचने तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विशेषज्ञों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह वस्तु कितनी शक्तिशाली है और इसमें कोई विस्फोटक मौजूद है या नहीं।
स्थानीय लोगों और पुलिस को अंदेशा है कि यह बम आर्मी रेंज से यहां पहुंचा हो सकता है। अक्सर रेंज क्षेत्र से लोग इस्तेमाल किए गए बमों के खोल बीन लाते हैं। इन खोलों के भीतर तांबा और पीतल जैसी महंगी धातुएं होती हैं, जिन्हें भंगार की दुकानों पर बेच दिया जाता है। आसपास कई भंगार की दुकानें होने के कारण यह आशंका और गहरी हो गई है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि यह बम वहां किसने और किस मकसद से फेंका।
Leave A Reviews