
रतलाम. ताल थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में एक अतिथि शिक्षक के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है. वीडियो में कुछ लोग शिक्षक को पेड़ से बांधकर थप्पड़ मारते और रस्सी से पीटते नजर आ रहे हैं. शिक्षक इस दौरान लोगों से उसे छोड़ने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है.
घटना 3 अक्टूबर की बताई जा रही है, जबकि मारपीट का वीडियो मंगलवार को सामने आया. पुलिस के अनुसार, मामले में छात्रा के परिजनों की शिकायत पर अतिथि शिक्षक के खिलाफ POCSO एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है.
छात्रा को बुलाकर झोपड़ी में ले जाने का आरोप
ग्रामीणों के मुताबिक, 21 वर्षीय अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव ने नाबालिग छात्रा को किसी बहाने से मिलने के लिए बुलाया था. आरोप है कि इसके बाद वह छात्रा को एक झोपड़ी में ले गया, जहां उसके साथ छेड़छाड़ की गई. छात्रा के शोर मचाने पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे और शिक्षक को पकड़ लिया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और शिक्षक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई.
योगेंद्र जाटव मूल रूप से मुरैना जिले के शेरपुर गांव का रहने वाला बताया गया है. वह रतलाम जिले के खारवाकला में किराये के मकान में रह रहा था और पिपल्या तुखार गांव के शासकीय प्राथमिक स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत था.
शिक्षक ने भी दर्ज कराई मारपीट की शिकायत
मामले में शिक्षक की ओर से भी ताल थाने में शिकायत दी गई है. अपनी शिकायत में उसने बताया कि 3 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वह स्कूल में लंच के दौरान अपनी पहचान की एक लड़की से मिलने गया था.
शिक्षक के अनुसार, करीब 2:45 बजे खारवा क्षेत्र में एक कोठड़ी के पास दो लोगों ने उसे रोक लिया. दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और गांव की लड़की से मिलने आने को लेकर सवाल किया. आरोप है कि विरोध करने पर एक व्यक्ति ने लकड़ी और दूसरे ने रस्सी से उसके साथ मारपीट की.
शिक्षक ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों लोगों ने दोबारा गांव की किसी लड़की से मिलने आने पर जान से मारने की धमकी दी. हालांकि, उसने दोनों आरोपियों की पहचान होने से इनकार किया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
POCSO मामले में शिक्षक जेल भेजा गया
दूसरी तरफ, छात्रा के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने योगेंद्र जाटव के खिलाफ POCSO एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी के मुताबिक, शिक्षक से मारपीट का वीडियो पुलिस के सामने आया है. वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
Leave A Reviews