
मुरैना जिले में नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। नूराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत जेके टायर फैक्ट्री के समीप हुए इस भीषण हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।
कचरा रिक्शे से टकराकर सड़क पर गिरे, अज्ञात वाहन ने रौंदा
नूराबाद थाना प्रभारी (उपनिरीक्षक) सौरभ पुरी के अनुसार, बाइक सवार परिवार ग्वालियर की ओर से मुरैना की तरफ आ रहा था। जेके टायर फैक्ट्री के पास मार्ग पर एक कचरा ढोने वाला रिक्शा खड़ा था, जिससे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर लगते ही बाइक पर सवार पति-पत्नी और दोनों बच्चे छिटककर सड़क के बीचों-बीच गिर पड़े। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, सड़क पर गिरते ही पीछे से आ रहे किसी तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक या भारी वाहन ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
शवों को पीएम के लिए भेजा, शिनाख्त के प्रयास तेज
घटना की सूचना मिलते ही नूराबाद थाना पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मृतकों के पास से तात्कालिक रूप से कोई पहचान पत्र नहीं मिलने के कारण उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और आसपास के थानों के माध्यम से मृतकों की पहचान जुटाने में लगी हुई है, ताकि परिजनों को सूचित किया जा सके।
पुलिस दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाया जा सके।
Leave A Reviews