
मुरैना जिले अंतर्गत पहाड़गढ़ जनपद पंचायत से ग्रामीण बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक दावों की पोल खोलती एक विचलित करने वाली तस्वीर सामने आई है। ग्राम भौरूसिंह का पुरा में एक ग्रामीण की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए ऐसी अमानवीय परिस्थितियों से गुजरना पड़ा, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया। गांव में व्यवस्थित मुक्तिधाम (श्मशान घाट) न होने और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते गांव से सटा बरसाती नाला उफान पर आ गया। ऐसे में ग्रामीणों को अंतिम विदाई देने के लिए मृतक की देह को लोहे की एक बड़ी कढ़ाई में रखकर उफनते नाले को पार कराना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी हुकुम सिंह परमार की आकस्मिक मौत हो गई थी। दाह संस्कार के लिए शव को गांव के बाहर स्थित भूमि पर ले जाना आवश्यक था, लेकिन नाले का जलस्तर बढ़ जाने से मुख्य रास्ता पूरी तरह जलमग्न हो चुका था। अंतिम यात्रा ले जाने का कोई अन्य वैकल्पिक मार्ग न बचने पर ग्रामीणों ने लोहे की विशालकाय कढ़ाई को नाव की तरह इस्तेमाल करने का निर्णय लिया। शव को कढ़ाई के अंदर सुरक्षित रखकर चार से पांच युवा तेज बहाव वाले पानी में उतरे और संतुलन साधते हुए नाला पार कराया। इस दौरान जरा सी चूक होने पर बड़ा हादसा घटित हो सकता था। नाला पार करने के बाद शव को एक निजी खेत में ले जाकर अंतिम संस्कार संपन्न किया गया।
इस हृदयविदारक घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दो हजार से अधिक आबादी वाले इस गांव में आज तक पक्के श्मशान घाट और पहुंच मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया। हर साल बारिश के मौसम में नाला उफान पर आने से पूरा गांव बाकी दुनिया से कटकर टापू में तब्दील हो जाता है। ऐसी स्थिति में यदि किसी ग्रामीण की मृत्यु हो जाए, तो उसके शव को सम्मानजनक अंतिम विदाई तक नसीब नहीं हो पाती।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत सीईओ कमलेश भार्गव ने जांच और सुधारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर श्मशान घाट स्वीकृत होने के बाद भी निर्माण न होने या राशि के दुरुपयोग संबंधी वित्तीय अनियमितताओं की गहन जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले तत्कालीन पंचायत पदाधिकारियों व जिम्मेदारों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्राथमिकता के आधार पर गांव में जल्द से जल्द पक्के मुक्तिधाम और पुलिया का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा।
Leave A Reviews