
मुरैना. जिले के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित बड़ोखर बालिका सुधार गृह से सुरक्षा में सेंध लगाकर तीन बालिकाओं के भागने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इन तीनों युवतियों ने मिलकर वहां तैनात वार्डन पर जानलेवा हमला किया और उनसे मुख्य गेट की चाबी छीनकर फरार हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही जेल और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने वार्डन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और सरगर्मी से तीनों की तलाश की जा रही है।
हिंसक झड़प के बाद भागने में रहीं कामयाब प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुधार गृह के भीतर तीनों बालिकाओं ने सुनियोजित तरीके से वार्डन को निशाना बनाया। हमले के दौरान एक लड़की ने वार्डन की गर्दन दबा दी, जिससे वे असहाय हो गईं, वहीं दूसरी लड़की ने उनके हाथ पर दांतों से बुरी तरह काट लिया। शारीरिक हमले और छीना-झपटी के बीच उन्होंने वार्डन से चाबियां हथिया लीं और मुख्य द्वार खोलकर रफूचक्कर हो गईं। घायल वार्डन का उपचार कराया गया है और उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
फरार बालिकाओं का विवरण पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, फरार होने वाली लड़कियों में से एक बालिग है, जिसे 23 फरवरी को कैलारस के समई पंचायत (सिरोधा गांव) से यहाँ लाया गया था। वहीं, अन्य दो लड़कियां नाबालिग हैं, जिन्हें महज दो दिन पहले यानी 9 मार्च को ही इस सुधार गृह में शिफ्ट किया गया था। इतनी जल्दी उनके द्वारा इस तरह की हिंसक वारदात को अंजाम देना सुरक्षा विशेषज्ञों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई और सर्च ऑपरेशन स्टेशन रोड थाना प्रभारी एसआई संजय वरैया ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल सुधार गृह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। साथ ही उनके गृह ग्राम और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी का दावा है कि जल्द ही तीनों को सुरक्षित तरीके से वापस पकड़ लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर सुधार गृहों की आंतरिक सुरक्षा और स्टाफ की संख्या पर बहस छेड़ दी है।
Leave A Reviews