Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

कुत्ते को टक्कर मारने से रोका तो मां-बेटों पर चाकू से हमला, 4 गिरफ्तार


शहडोल। जिले में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 38 पुरानी बस्ती में गुरुवार रात तेज रफ्तार बाइक से कुत्ते को टक्कर मारने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मां और उसके दो बेटों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार पुरानी बस्ती निवासी श्याम बाई चौधरी अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर सवार कुछ युवक वहां से गुजर रहे थे। बाइक सवारों ने सड़क किनारे मौजूद एक कुत्ते को टक्कर मार दी। श्याम बाई ने जब इसका विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने धमकी भी दी और वहां से चले गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक मामला यहीं शांत नहीं हुआ। कुछ देर बाद आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ वापस लौटे। इस बार उनके हाथों में चाकू और अन्य धारदार हथियार थे। आते ही उन्होंने श्याम बाई पर हमला कर दिया। मां को बचाने पहुंचे उनके बेटे श्याम सुंदर चौधरी और केशव चौधरी पर भी आरोपियों ने चाकू से कई वार किए। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सरई टोला निवासी सहनवाज खान उर्फ शानू, आवेश उर्फ जानू खान, अमीनया खान और मत्तू खान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ मारपीट, चाकूबाजी और एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और विवाद के पीछे की पूरी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Share:

Leave A Reviews

Related News