
भोपाल। मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) संवर्ग के 11 वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति का तोहफा दिया है। वल्लभ भवन, भोपाल से 9 सितंबर 2026 को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, इन सभी अधिकारियों को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर नई पदस्थापना सौंपी गई है। गृह विभाग की अवर सचिव अन्नू भलावी के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश के तहत सभी पदोन्नत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों से कार्यमुक्त होकर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक भोपाल नगरीय पुलिस के हबीबगंज में पदस्थ सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) उमेश कुमार तिवारी को पुलिस मुख्यालय (PHQ) भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) बनाया गया है। वहीं रेडियो जोन ग्वालियर में पदस्थ डीएसपी (रेडियो) सुरेश मर्सकोले को पदोन्नत कर भोपाल स्थित रेडियो मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक पद की कमान सौंपी गई है। विशेष सशस्त्र बल (SAF) में पदस्थापनाओं की बात करें तो सागर के खुरई एसडीओपी प्रवीण अष्ठाना को 13वीं वाहिनी विसबल ग्वालियर में उप सेनानी बनाया गया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा में पदस्थ प्रभा किरण किरो को 8वीं वाहिनी विसबल जबलपुर में उप सेनानी तथा लोकायुक्त संगठन भोपाल के डीएसपी प्रवीण सिंह परिहार को 26वीं वाहिनी विसबल गुना में उप सेनानी के पद पर नई पदस्थापना दी गई है।
प्रशासनिक सर्जरी के तहत इंदौर हाईकोर्ट सुरक्षा में सहायक सेनानी रहे अजय पंडित को 7वीं वाहिनी विसबल भोपाल में उप सेनानी (बैंड) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उज्जैन यातायात डीएसपी विक्रम सिंह कनपुरिया को 7वीं वाहिनी विसबल भोपाल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आर्म्स) बनाया गया है, जबकि उज्जैन के ही दूसरे यातायात डीएसपी मनोज खत्री को वहीं प्रमोट करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उज्जैन के पद पर पदस्थ किया गया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति (CAPT भोपाल) से लौटे डीएसपी शाहिद अहमद को विशेष शाखा भोपाल की सुरक्षा वाहिनी में उप सेनानी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त सतना के डीएसपी संजय खरे को छतरपुर डीआईजी कार्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) तथा जबलपुर मुख्यालय डीएसपी भगत सिंह गोथरिया को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजाक रेंज जबलपुर का दायित्व सौंपा गया है।
Leave A Reviews