Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सिंगरौली में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आए 3 लोग, 2 की मौत, 1 गंभीर


सिंगरौली जिले अंतर्गत पश्चिम मध्य रेल (पमरे) के जबलपुर रेल मंडल में मंगलवार देर रात एक बेहद दर्दनाक रेल दुर्घटना सामने आई है। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के कसर इलाके में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान तीन ग्रामीण तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों ने घटनास्थल पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में ट्रैक पर इकट्ठा हो गए।

बेटी को छोड़ने जा रहे थे रिश्तेदार, अंधेरे में नहीं लगा ट्रेन का अंदाजा

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों ग्रामीण अपनी बेटी को भवडार छोड़ने के लिए पैदल जा रहे थे। कसर के पास जब वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी अचानक सामने से तेज गति से ट्रेन आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, रात के अंधेरे में उन्हें सामने से आ रही ट्रेन की गति और दूरी का सही अंदाजा नहीं लग सका। जैसे ही उन्होंने ट्रैक को पार करने का प्रयास किया, वे सीधे ट्रेन की चपेट में आ गए। जोरदार टक्कर के बाद दो लोग काफी दूर जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की हुई पहचान, घायल जिला अस्पताल में भर्ती

हादसे में जान गंवाने वालों की शिनाख्त माड़ा थाना क्षेत्र के रैला निवासी जगनारायण साहू (45 वर्ष) और झकरकटिया निवासी जगदीश गुर्जर (60 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं झकरकटिया निवासी बंधुलाल गुर्जर (31 वर्ष) इस हादसे में बुरी तरह घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद समाजसेवी राजू सिंह और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल बंधुलाल को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ट्रॉमा वार्ड में उनका सघन उपचार जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना प्राप्त होते ही बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मर्ग कायम कर घटना के सभी तकनीकी व विधिक पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं, एक साथ दो ग्रामीणों की मौत से दोनों गांवों में मातम छा गया है।

Date & Time : 2026-09-09 13:06:58

Share:

Leave A Reviews

Related News