
भोपाल. मध्यप्रदेश में सर्दी ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ रफ्तार पकड़ ली है. शीतलहर के साथ घना कोहरा प्रदेश के कई इलाकों में आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है. मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 22 जिलों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है. ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है.
ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज और सीधी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच सकती है. वहीं भोपाल, विदिशा, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल और सिंगरौली में येलो अलर्ट लागू किया गया है.
सोमवार को कई जिलों में सुबह से लेकर दोपहर तक कोहरा छाया रहा. भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर के समय भी विजिबिलिटी कम बनी रही. मौसम विभाग के अनुसार यह इस सीजन का पहला मौका है जब प्रदेश के इतने बड़े हिस्से में एक साथ घना कोहरा देखने को मिला.
तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है. पचमढ़ी और राजगढ़ प्रदेश के सबसे ठंडे स्थान रहे, जहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. आने वाले दिनों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से ठंड और बढ़ने की संभावना है.
मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सतर्क रहने, फॉग लाइट का उपयोग करने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी है. साथ ही किसानों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
Leave A Reviews