
डिंडोरी जिले अंतर्गत मेहदवानी वन परिक्षेत्र के डोभी गांव में जंगली हाथी के हमले से 65 वर्षीय बुजुर्ग चरवाहे की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डोभी निवासी लाल सिंह दो दिन पूर्व अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे, लेकिन शाम तक वापस घर नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के जंगलों और संभावित रास्तों पर उनकी लगातार तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिल सका था। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को जंगल के किनारे एक शव पड़ा दिखाई दिया, जिसकी पहचान गुमशुदा लाल सिंह के रूप में हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शहपुरा वन परिक्षेत्र के एसडीओ सुनील अशोक ने पुष्टि की कि बुजुर्ग की मौत जंगली हाथी के हमले की वजह से हुई है। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल की मर्चुरी में भिजवाया। अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और समूचे ग्रामीण अंचल में दहशत का माहौल बन गया है।
एसडीओ सुनील अशोक ने बताया कि क्षेत्र में अभी भी हाथी की सक्रिय मौजूदगी बनी हुई है। ग्रामीणों की जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग की विशेष ट्रैकर टीम लगातार हाथी के मूवमेंट और गतिविधियों पर निगरानी रख रही है। एहतियात के तौर पर डोभी सहित आसपास के मजरों और गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया गया है। वन अमले ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की तरफ बिल्कुल न जाएं और अपने मवेशियों को भी चराने के लिए वन क्षेत्र के भीतर ले जाने से बचें।
Leave A Reviews