Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

नागौद की पुरानी गल्ला मंडी में कचरे का अंबार बैठकी वसूली के बाद भी सफाई न होने से उठ रहे सवाल


नागौद, देशबन्धु। नगर की पुरानी गल्ला मंडी में फैली गंदगी स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। मंडी परिसर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। प्लास्टिक, पॉलीथिन, खाने-पीने के खाली पैकेट और जले हुए कचरे से परिसर पटा पड़ा है। दुकानों के सामने और पेवर्स ब्लॉक पर गंदगी फैली होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कचरे के कारण आसपास दुर्गंध फैल रही है।

मंडी की यह स्थिति नगर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के दावों की हकीकत पर सवाल उठा रही है। एक ओर स्वच्छता को लेकर जागरूकता और सफाई के प्रयासों की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर पुरानी गल्ला मंडी में गंदगी का अंबार नजर आ रहा है।

वसूली के बावजूद सफाई व्यवस्था पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी गल्ला मंडी में लंबे समय से नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है। मंडी समिति दुकानदारों से बाजार बैठकी की वसूली करती है और दुकानों से प्रतिमाह किराया भी लिया जाता है। इसके बावजूद मंडी परिसर की सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है।

लोगों के मुताबिक, मंडी समिति में सफाईकर्मी यानी स्वीपर भी नियुक्त है, लेकिन परिसर में नियमित सफाई नजर नहीं आती। आरोप है कि मंडी समिति अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय सफाई का बोझ नगर परिषद पर डाल देती है। ऐसे में मंडी परिसर की सफाई को लेकर जिम्मेदारी का सवाल खड़ा हो रहा है।

दुकानदारों और लोगों को परेशानी

गल्ला मंडी में रोजाना दुकानदारों और ग्राहकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में जगह-जगह फैला कचरा न केवल बाजार की छवि खराब कर रहा है, बल्कि लोगों को भी असुविधा हो रही है। खाने-पीने के पैकेट, पॉलीथिन और जले हुए कचरे का ढेर परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में नियमित सफाई होना जरूरी है। यदि समय पर कचरा नहीं उठाया जाएगा तो गंदगी लगातार बढ़ती जाएगी। मंडी जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में सफाई की अनदेखी करना उचित नहीं है।

जिम्मेदारी तय कर नियमित सफाई की मांग

स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से पुरानी गल्ला मंडी की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मंडी समिति और नगर परिषद के बीच जिम्मेदारी को लेकर असमंजस के बजाय स्पष्ट व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि सफाई नियमित रूप से हो सके। लोगों ने मंडी परिसर में जमा कचरे को तत्काल हटाने, नियमित सफाई कराने और कचरा फेंकने वालों पर निगरानी रखने की मांग की है।

Date & Time : 2026-10-10 13:56:24

Share:

Leave A Reviews

Related News