
भोपाल। नरोत्तम मिश्रा बयान दतिया विधानसभा उपचुनाव के बाद सामने आई नाराजगी की चर्चाओं के बीच आया है। मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोशल मीडिया पर चल रही नाराजगी की खबरों को पूरी तरह भ्रामक और असत्य बताया है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी उनके अनुज हैं और दोनों के बीच पिछले 25 वर्षों से पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बीच कभी कोई कटुता नहीं रही और आगे भी यह आत्मीय रिश्ता इसी तरह बना रहेगा।
पूर्व गृह मंत्री ने कहा कि उनकी आज भी आशुतोष तिवारी से पहले जैसी आत्मीयता और गर्मजोशी के साथ मुलाकात हुई। उन्होंने आशुतोष तिवारी को भाजपा का कर्मठ, समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता बताते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ऐसा कोई बयान, टिप्पणी या गतिविधि न करें जिससे पार्टी, संगठन या आशुतोष तिवारी को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचे।
उन्होंने कहा कि राजनीति में उतार-चढ़ाव सामान्य बात है, लेकिन परिवार, संस्कार और रिश्ते हमेशा स्थायी रहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और संगठन की मजबूती के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया।
Leave A Reviews