Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

नरसिंहपुर में कांग्रेस ने वोट चोरी के विरोध में किया प्रदर्शन, पुतला दहन के दौरान पुलिस से झड़प


नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने कथित वोट चोरी के खिलाफ दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के सांसदों को रोके जाने व हिरासत में लिए जाने के विरोध में तीखा विरोध प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय पर एकत्र हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ उग्र नारेबाजी करते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया।

पुतला दहन के दौरान झूमाझटकी और वॉटर कैनन का प्रयोग

प्रदर्शन के दौरान संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की मांग उठाते हुए कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने आगे बढ़े। इस दौरान मुस्तैद पुलिस बल और प्रदर्शनकारियों के बीच पुतला छीनने को लेकर तीखी नोकझोंक और झूमाझटकी की स्थिति निर्मित हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने और हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस प्रशासन को वॉटर कैनन (जल तोप) का इस्तेमाल करना पड़ा। अचानक पानी की तेज बौछारें पड़ने से कुछ देर के लिए मौके पर भारी अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए

हंगामे और पुतला दहन के बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए मौके से कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ताओं को हिरासत (डिटेन) में ले लिया। पुलिस वैन में बैठाए जाने के दौरान भी कार्यकर्ता केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाते रहे। कांग्रेस नेताओं ने दो टूक कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों पर उठ रही आवाजों को बल प्रयोग से दबाया नहीं जा सकता।

विरोध प्रदर्शन में शामिल प्रमुख पदाधिकारी

इस उग्र विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक सुनील जायसवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रघुवंशी, विधानसभा प्रभारी गणेश पटेल, नेता प्रतिपक्ष रुद्रेश तिवारी, वरिष्ठ नेता संजीव चाँदोरकर, जिला प्रवक्ता अजय दुबे, आशीष गुप्ता, मुकेश शर्मा, चंद्रप्रकाश यादव, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रोहित पटैल और सेवादल जिलाध्यक्ष अतुल चौरसिया प्रमुख रूप से शामिल रहे। इनके अलावा पार्षद बॉबी खान, बबलू खान, मुकेश कटारे, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष धनीराम पटेल, पूर्व पार्षद मनोहर ठाकुर, अखिलेश शर्मा, दुलीचंद नेमा, नीलू राय, मनोज राव, जग्गी सोनी, प्रताप गुमास्ता, मयंक साहू, पूर्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ईशान राय, अभिषेक जाट, अभिषेक प्रजापति, मनीष कौरव, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव सोमनाथ पटेल, विधानसभा अध्यक्ष शुभम ठाकुर, अभय राय, हेमराज ठाकुर, संजय राजपूत, आकाश ठाकुर, आज़ाद खान, प्रियांक कहार, पलाश पटेल, अभिषेक गुप्ता, समद, अन्नी यादव, कैलाश नोरिया, शिवम पाठक, रक्षित चौरसिया, समीर खान, आरिफ खान, निखिल सराठे, राजाराम पटेल और इमरान खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Date & Time : 2026-10-08 13:54:01

Share:

Leave A Reviews

Related News