
नरसिंहपुर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में संचालित “OPERATION EAGLE CLAW” के अंतर्गत नरसिंहपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 53 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की नई मारुति फ्रॉन्क्स कार और गांजे सहित जब्त किए गए कुल मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख आंकी गई है। पुलिस ने मौके से ओडिशा और रायसेन के 5 शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
अवैध गांजे के परिवहन की सटीक मुखबिर सूचना मिलने पर एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना ने एएसपी संदीप भूरिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी तेंदूखेड़ा अभिनव मिश्रा व डीएसपी उमेश तिवारी के नेतृत्व में 5 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया था। टीमों ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 और 45 सहित जिले के सभी प्रमुख सीमावर्ती मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान छेड़ दिया।
इसी दौरान भोपाल की दिशा से आ रही एक काले रंग की संदिग्ध फ्रॉन्क्स कार को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। खाकी को देखते ही चालक ने रफ्तार बढ़ाकर तेंदूखेड़ा की तरफ भागने की कोशिश की। पुलिस टीमों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और ग्राम ढिलवार के पास एक ढाबे के सामने प्रभावी घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
गाड़ी को रोककर जब उसकी बारीकी से तलाशी ली गई, तो पिछली सीट के नीचे विशेष रूप से बनाई गई डिक्की से 53 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार सवार पांचों आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों का विवरण इस प्रकार है:
कमलेश ठाकुर (48 वर्ष) - निवासी लक्ष्मी चौक, उदयपुरा, जिला रायसेन (म.प्र.)
दुर्गेश रघुवंशी (37 वर्ष) - निवासी ग्राम रहमा, थाना उदयपुरा, जिला रायसेन (म.प्र.)
प्रेमचंद नायक (38 वर्ष) - निवासी उस्तपदा, थाना मोहना, जिला गजपति (ओडिशा)
बबुला नायक (41 वर्ष) - निवासी ग्राम राजपुर, थाना पदमपुर, जिला रायगड़ा (ओडिशा)
हेमंता लीमा (25 वर्ष) - निवासी ग्राम सुंदरपुर, थाना पदमपुर, जिला रायगड़ा (ओडिशा)

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि ओडिशा से गांजे की खेप लाकर मध्य प्रदेश के रायसेन और आसपास के जिलों में खपाने की योजना थी। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के मुख्य सरगना और स्थानीय खरीदारों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
इस संयुक्त ऑपरेशन में गाडरवारा थाना प्रभारी अशोक चौहान, तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी किशोर वामनकर, मुगवानी थाना प्रभारी दिलीप सिंह, उनि आशीष बोपचे, उनि गौरव नेमा और सउनि शशांक दुबे सहित भारी पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।
Leave A Reviews