Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

वेयरहाउस की ग्रिल तोड़कर 10 कट्टी मूंग चोरी करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार


नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव क्षेत्र अंतर्गत झौंतेश्वर चौकी पुलिस ने वेयरहाउस में हुई चोरी का 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। श्रीनगर स्थित साहू वेयरहाउस की संचालिका द्रोपती साहू ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने खिड़की की लोहे की ग्रिल काटकर वेयरहाउस से मूंग की 10 बोरियां पार कर दी हैं। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(E), 331(4) और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।

एसपी के निर्देश पर गठित टीम को मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना के निर्देशन, एसडीओपी लोकेश मार्को और थाना प्रभारी प्रदीप सराफ के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद पुलिस ने 8 अक्टूबर को चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और चोरी की गई मूंग को मवई घाट के जंगल में छुपाकर रखने की बात स्वीकार की।

तीन लाख का मशरूका और ऑटो जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम मवई घाट जंगल से घटना में प्रयुक्त लाल रंग का ऑटो (कीमत लगभग 2 लाख रुपये), चोरी की गई 10 बोरी मूंग (कुल वजन 5 क्विंटल, कीमत 43,840 रुपये) और 2 मोबाइल फोन (कीमत 50,000 रुपये) सहित कुल 2,93,840 रुपये का मशरूका बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहन उर्फ शिवम चौधरी (18 वर्ष), अनिल चौधरी (19 वर्ष), योगेश उर्फ राजू चौधरी (21 वर्ष)—सभी निवासी श्रीनगर—और एक विधि विरुद्ध बालक शामिल है।

न्यायालय में पेशी और पुलिस टीम की सराहना

पुलिस ने तीनों बालिग आरोपियों को सक्षम न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया, जबकि विधि विरुद्ध बालक को किशोर न्याय बोर्ड (किशोर न्यायालय) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस त्वरित कार्रवाई और मामले के सफल खुलासे में झौंतेश्वर चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सुमित तिवारी, सउनि सुरेश धुर्वे, आरक्षक शिवराज और आरक्षक गौरीशंकर की अहम भूमिका रही।

Date & Time : 2026-10-08 12:58:26

Share:

Leave A Reviews

Related News