
नरसिंहपुर जिले में नशा माफिया और संगठित मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध पुलिस ने निर्णायक प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के सख्त निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन ईगल क्लॉ' (OPERATION EAGLE CLAW) के अंतर्गत स्टेशनगंज थाना पुलिस ने ग्राम नवलगांव रोड पर घेराबंदी कर दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60.04 ग्राम अवैध स्मैक (अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 6 लाख) और तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल (अनुमानित मूल्य 2 लाख) सहित कुल 8 लाख का मशरूका विधिवत जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों, शराब और मादक पदार्थों के अवैध क्रय-विक्रय पर नकेल कसने के लिए लगातार सघन चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्टेशनगंज पुलिस टीम जब क्षेत्र में अपराध पतासाजी और गश्त पर थी, तभी नवलगांव मार्ग पर संदिग्ध गतिविधि नजर आई।
22 सितंबर 2026 को गश्त के दौरान पुलिस टीम ने नवलगांव रोड पर एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवकों को खड़े देखा। पुलिस वाहन को देखते ही पीछे बैठा युवक बाइक से कूदकर खेतों की ओर बदहवास भागने लगा। सतर्क पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान साकेत सेन (24 वर्ष), निवासी तिलक वार्ड, थाना कोतवाली नरसिंहपुर के रूप में बताई।
संदेह के आधार पर जब नियमानुसार साकेत सेन की तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से एक पारदर्शी पॉलीथिन में लिपटा हुआ सफेद-भूरे मटमैले रंग का पाउडर बरामद हुआ। प्राथमिक रासायनिक परीक्षण और पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पाउडर स्मैक है। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर बरामद स्मैक का कुल वजन 60.04 ग्राम निकला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कालाबाजारी में कीमत लगभग 6 लाख आंकी गई है।
पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल चला रहे दूसरे युवक तरुण ठाकुर (19 वर्ष), निवासी संजय वार्ड, किसानी मोहल्ला, थाना कोतवाली की भी स्मैक के अवैध परिवहन और नेटवर्क संचालन में सीधी संलिप्तता पाई गई। पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को हिरासत में लेते हुए तस्करी में इस्तेमाल 2 लाख कीमत की काले रंग की मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना स्टेशनगंज में धारा 8(ए)(सी), 21(बी) एवं 29 नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत गंभीर आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से रिमांड पर लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि वे स्मैक की यह बड़ी खेप कहां से लाए थे और जिले में किन-किन युवाओं या पेडलर्स को इसकी आपूर्ति की जानी थी।
इस प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी स्टेशनगंज निरीक्षक सौरभ पटेल, उपनिरीक्षक राहुल सोनकर, वरिष्ठ आरक्षक राहुल दुबे, जितेंद्र राणा, आसिफ खान, योगेंद्र सिंह तथा आरक्षक अंकित विश्वकर्मा की सराहनीय व मुस्तैद भूमिका रही।
Leave A Reviews