
नरसिंहपुर। जनसेवा और नागरिकों के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नरसिंहपुर पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता, तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का समाधान कर उनके जीवन में खुशियाँ लौटाना भी है।
इसी भावना के साथ पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के कुशल नेतृत्व में नरसिंहपुर पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए लगभग 75 लाख रुपये कीमत के 201 मोबाइल फोन तकनीकी सहायता से मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों से बरामद किए।
बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को पुलिस अधीक्षक, डॉ. ऋषिकेश मीना एवं अति. पुलिस अधीक्षक, संदीप भूरिया द्वारा विधिवत सुपुर्द किए गए। लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
इस पहल ने न केवल लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाई, बल्कि पुलिस के प्रति उनके विश्वास और आत्मीयता को भी और मजबूत किया।

गुम मोबाईल पतासाजी में सराहनीय भूमिका : उक्त कार्यवाही में महिला आरक्षक कुमुद पाठक, आरक्षक भूपेन्द्र, नीरज डेहरिया, हेमंत वाडिवा एवं महिला आरक्षक प्रियंका की सराहनीय भूमिका रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना एवं नरसिंहपुर पुलिस की जिलेवासियों से अपील:-
• मोबाइल फोन आज हमारी व्यक्तिगत जानकारी और डिजिटल सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण साधन है।
• मोबाइल गुम होने पर घबराएँ नहीं, तत्काल कार्रवाई करें।
• अपने नजदीकी पुलिस थाने में गुम मोबाइल की सूचना दें।
• CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन को तुरंत ब्लॉक कराएँ।
• समय पर सूचना देने से मोबाइल के दुरुपयोग की संभावना कम होती है।
• आमजन से अपील है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में शीघ्र सूचना देकर पुलिस का सहयोग करें।


Leave A Reviews