
नरसिंहपुर जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम ग्राउंड में जनसेवा से राष्ट्रसेवा के संकल्प के तहत सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के अंतर्गत विकसित भारत संकल्प सभा का भव्य आयोजन किया गया। इस वृहद कार्यक्रम में नागरिकों, युवाओं और छात्र शक्ति को सामाजिक उत्तरदायित्व तथा विकसित भारत निर्माण के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक व सामाजिक गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराई।
समारोह की शुरुआत में देश सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सेना से सेवानिवृत्त अधिकारियों का भावभीना नागरिक सम्मान किया गया। इसके उपरांत जिले की विशिष्ट उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मठ नागरिकों को मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों व कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनसेवा का संदेश दिया गया। आयोजन स्थल पर आमजन के लिए आकर्षक सेल्फी बूथ बनाए गए थे, साथ ही सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के ज्योति कलश को प्रज्वलित कर जिले के अलग-अलग अंचलों के लिए रवाना किया गया।
इस पूरे आयोजन को अनुशासित और व्यवस्थित बनाने में जिले की तीन प्रमुख शिक्षण संस्थानों की एनसीसी इकाइयों ने केंद्रीय भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, एमआईएमटी कॉलेज और उत्कृष्ट विद्यालय की एनसीसी छात्र एवं छात्रा विंग ने संपूर्ण व्यवस्थाओं का प्रभार संभाला। कैडेट्स ने यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने, पेयजल वितरण, पार्किंग और एलईडी स्क्रीन संचालन में सक्रिय योगदान देकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी मेजर पराग नेमा, लेफ्टिनेंट डॉ. राजेश कुमार ठाकुर और थर्ड ऑफिसर ए.के. राव के मार्गदर्शन में अंडर ऑफिसर नेहा यादव, राधेश्याम, नितेश कुशवाहा और रीतेश सहित बड़ी संख्या में कैडेट्स ने सहभागिता की। अधिकारियों ने कहा कि एनसीसी का मूल ध्येय 'एकता और अनुशासन' है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का सशक्त संदेश दिया गया।
Leave A Reviews