
जबलपुर. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित की जा रही नीट-यूजी (NEET-UG) की दोबारा परीक्षा को लेकर जबलपुर जिला प्रशासन और पुलिस महकमे ने कमर कस ली है। परीक्षा देने आने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को सेंटर्स तक पहुंचने में ट्रैफिक जाम या किसी अन्य बाधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए जबलपुर पुलिस ने एक विशेष यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सहायता व्यवस्था लागू की है।
कंट्रोल रूम और सेंटर्स पर तैनात रहेगा भारी बल जबलपुर पुलिस अधीक्षक (SP) सम्पत उपाध्याय के सख्त निर्देश पर शहर के सभी प्रमुख मार्गों, संवेदनशील चौराहों और परीक्षा केंद्रों के बाहर यातायात पुलिस के साथ-साथ स्थानीय थानों के बल को तैनात किया गया है। पुलिस का मुख्य फोकस इस बात पर है कि सुबह के वक्त जब परीक्षार्थी सेंटर्स के लिए निकलें, तो उन्हें सड़कों पर किसी भी तरह की असुविधा या जाम से न जूझना पड़े।
ट्रैफिक जाम या वाहन खराब होने पर इस नंबर पर करें कॉल जबलपुर पुलिस ने परीक्षार्थियों की त्वरित मदद के लिए एक विशेष यातायात हेल्पलाइन नंबर: 7049158826 जारी किया है। यदि किसी भी परीक्षार्थी या उनके परिजनों को रास्ते में ट्रैफिक जाम, मार्ग डायवर्जन, वाहन खराब होने या रास्ता भटकने जैसी कोई भी गंभीर समस्या आती है, तो वे तुरंत इस नंबर पर कॉल कर पुलिस को अपनी लोकेशन बता सकते हैं। सूचना मिलते ही नजदीकी पॉइंट पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचकर छात्र को परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने में मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करेंगे।
एसपी की शहरवासियों से अपील, सड़कों पर न करें अतिक्रमण एसपी सम्पत उपाध्याय ने संस्कारधानी के आम नागरिकों और वाहन चालकों से भी विशेष अपील की है कि वे परीक्षा के दिन यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। सेंटर्स के आसपास के रास्तों या मुख्य सड़कों पर अनावश्यक रूप से गाड़ियां पार्क न करें, ताकि एम्बुलेंस और परीक्षार्थियों के वाहनों को निकलने का साफ रास्ता मिल सके। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पूरा अमला मुस्तैदी से काम करेगा।
यदि यातायात या केंद्र ढूंढने में कोई भी असुविधा हो, तो नीचे दिए गए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के नंबर्स पर भी संपर्क किया जा सकता है:
विशेष यातायात हेल्पलाइन: 7049158826
पुलिस कंट्रोल रूम (मनीष राय, निरीक्षक): 9826185759
वैघनाथ प्रजापति (डीएसपी ट्रैफिक): 9425389328
कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम: 0761-2624350
रघुवीर सिंह मरावी (डिप्टी कलेक्टर): 9406759078
नीलिमा राजलवाल (तहसीलदार): 9685054923
Leave A Reviews