
नई दिल्ली। हैदराबाद में 13 और 14 नवंबर को होने वाले कांग्रेस के ‘भारत समिट’ से पहले नॉर्वे की पत्रकार हैले लिंग का वीजा रद्द किए जाने का मामला सामने आया है। पत्रकार ने दावा किया है कि भारत आने के लिए वीजा और राजनीतिक मंजूरी मिलने के बावजूद उन्हें आखिरी समय पर यात्रा करने से रोक दिया गया। इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने चिंता जताई है।
हैले लिंग ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर बताया कि वह भारत समिट में मीडिया, प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतंत्र से जुड़े सत्र में वक्ता के रूप में शामिल होने वाली थीं। उन्होंने कहा कि वह भारत आने के लिए काफी उत्साहित थीं और अपना सामान भी पैक कर चुकी थीं। उनके पास वीजा मौजूद था, लेकिन हवाई अड्डे के लिए निकलने से करीब 10 मिनट पहले नॉर्वे स्थित भारतीय दूतावास से फोन आया। उन्हें बताया गया कि वह भारत नहीं जा सकतीं।
पत्रकार ने दावा किया कि उन्हें बताया गया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर उनका वीजा रद्द किया गया है। उन्होंने कहा कि उनके पास वीजा के साथ राजनीतिक मंजूरी भी थी और हैदराबाद में होने वाले सम्मेलन में उन्हें बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था।
हैले लिंग ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि ऐसा क्यों किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि यह फैसला राजनीति से प्रेरित हो सकता है। पत्रकार ने मई 2026 में नॉर्वे के ओस्लो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछने और सरकार की आलोचना करने को इसकी संभावित वजह बताया। हालांकि, वीजा रद्द किए जाने के पीछे की आधिकारिक वजह अब तक सामने नहीं आई है। गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की ओर से भी इस मामले पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि एक सांसद होने के नाते उन्हें चिंता है कि भारत की ओर से वीजा जारी किए जाने के बाद उसे रद्द कर दिया गया। उनके मुताबिक, यह मामला गंभीर सवाल खड़े करता है।
वहीं, जनसत्ता के पत्रकार अभय कुमार सिंह ने बातचीत में हैले लिंग के भारत नहीं आ पाने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि लिंग भारत जैसे लोकतांत्रिक देश को समझने और यहां आने के लिए उत्सुक थीं, लेकिन उन्हें यह मौका नहीं मिल सका।
कांग्रेस 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में ‘भारत समिट’ का आयोजन कर रही है। इसमें 70 से अधिक देशों के करीब 1,000 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मेलन में लोकतंत्र, मीडिया की स्वतंत्रता, अंतरराष्ट्रीय राजनीति और वैश्विक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी है।
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने मंगलवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सम्मेलन की जानकारी दी थी। आयोजकों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में दुनिया के अलग-अलग देशों के राजनीतिक नेताओं, नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों और नागरिक समाज से जुड़े प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
Leave A Reviews