
भोपाल. महाराष्ट्र के नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की यूनिट में महिला कर्मचारियों के साथ हुए कथित यौन शोषण और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास के मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में बुधवार को भोपाल के एमपी नगर इलाके में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन किया।

बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में भगवा झंडे और एक दाढ़ी-टोपी वाला पुतला लेकर सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने "इस्लामिक जिहाद मुर्दाबाद" और "लव जिहाद बंद करो" जैसे तीखे नारे लगाए। संगठन ने इस पूरी घटना को 'कॉर्पोरेट जिहाद' का नाम देते हुए दोषियों को फांसी देने की मांग की है।
नासिक के TCS ऑफिस में करीब 8-9 महिला कर्मचारियों और एक पुरुष सहकर्मी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतों के अनुसार:
टीम लीडर्स और एचआर मैनेजर द्वारा महिला कर्मचारियों का यौन शोषण किया गया।
ऑफिस परिसर में जबरन नमाज पढ़ने और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने का दबाव बनाया गया।
बेहतर करियर और प्रमोशन का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया।
इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महाराष्ट्र पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों (जिनमें टीम लीडर्स और एचआर मैनेजर शामिल हैं) को गिरफ्तार कर लिया है। राज्य सरकार ने मामले की गहराई से जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
भोपाल में प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पदाधिकारियों ने कहा कि आईटी कंपनियों में इस तरह का धार्मिक कट्टरवाद और शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की है कि कंपनियों में आंतरिक सुरक्षा ऑडिट हो ताकि हिंदू कर्मचारी सुरक्षित महसूस कर सकें।
Leave A Reviews