
श्योपुर/भोपाल. मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में ट्रॉली में सवार चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, वीरपुर के घुघस गांव से ग्रामीण एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर पार्वती बड़ौदा गांव में 'भात' (वैवाहिक रस्म) देने जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर विजयपुर क्षेत्र में गैस गोदाम के पास पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि महिलाएं ट्रॉली के नीचे दब गईं।
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान सरोज गुर्जर, सुनेना गुर्जर, सीमा गुर्जर और गीता गुर्जर के रूप में हुई है। सभी मृतक घुघस गांव की रहने वाली थीं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत विजयपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश देते हुए आर्थिक सहायता की घोषणा की है:
मृतकों के परिजनों को: 4-4 लाख रुपए।
गंभीर घायलों को: 1-1 लाख रुपए।
अन्य घायलों को: 50-50 हजार रुपए।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भी इस घटना को हृदय विदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
Leave A Reviews