
मैहर. आस्था की नगरी मैहर में स्थित माँ शारदा देवी धाम परिसर के वेद वेदांत विद्यालय से तीन नाबालिग छात्रों के अचानक लापता होने की खबर ने सनसनी फैला दी है. सोमवार दोपहर से गायब इन छात्रों का देर रात तक कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस और प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है.
लापता छात्रों का विवरण:
लापता हुए तीनों छात्र नाबालिग हैं और विद्यालय में ही रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहे थे:
सूर्यांश मिश्रा (15 वर्ष): निवासी ग्राम लोही, मैहर.
ऋषभ त्रिपाठी (13 वर्ष): निवासी डाडी टोला, जैतवारा.
वेद दुबे (12 वर्ष): निवासी ग्राम सरा, कटंगी.
घटनाक्रम: दोपहर से थे गायब, रात को चला पता
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, तीनों छात्र सोमवार दोपहर तक परिसर में ही मौजूद थे. शाम को होने वाली गतिविधियों में भी किसी ने गौर नहीं किया, लेकिन रात के भोजन के समय जब उनकी थालियां खाली रहीं, तब प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गए. विद्यालय प्रभारी राजलालन मिश्रा ने बताया कि काफी तलाश के बाद जब छात्र नहीं मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित किया गया.
प्रशासनिक मुस्तैदी और जांच:
SDM का दौरा: घटना की गंभीरता को देखते हुए मैहर एसडीएम दिव्या सिंह स्वयं विद्यालय पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने प्रबंधन को सुरक्षा मानकों पर फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द खोजबीन के निर्देश दिए हैं.
CCTV की निगरानी: पुलिस मंदिर परिसर, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि छात्रों के बाहर निकलने के मार्ग का पता लगाया जा सके.
NCRB में मामला दर्ज: मैहर पुलिस ने एनसीआरबी (NCRB) के तहत मिसिंग पर्सन रजिस्ट्रेशन नंबर 0020 पर मामला दर्ज कर लिया है.
Leave A Reviews