Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

नीमच के प्राइवेट स्कूल में प्रिंसिपल की हैवानियत: आठवीं के छात्र को घसीटकर लात-घूंसों से पीटा, वीडियो वायरल


नीमच. मध्य प्रदेश के नीमच जिले से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शहर के संस्कार पब्लिक स्कूल के प्राचार्य (प्रिंसिपल) ने मामूली सी बात पर कक्षा 8 के 12 वर्षीय छात्र के साथ ऐसी बर्बरता की, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया. प्रिंसिपल ने छात्र को पहले घसीटा और फिर बेरहमी से लात-घूंसों से पीटकर उसके कपड़े तक फाड़ दिए. इस खौफनाक घटना के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

क्या है पूरा मामला?
यह घटना शनिवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच शहर की स्कीम नंबर 34 स्थित 'संस्कार पब्लिक स्कूल' की है. ग्वालियर टोली के रहने वाले यशवंत चौहान के 12 वर्षीय बेटे नितिन चौहान स्कूल की आठवीं कक्षा में पढ़ते हैं.

भोजनावकाश (लंच ब्रेक) के दौरान क्लासरूम में नितिन का टल्ला (हाथ) लगने से पांचवीं कक्षा का एक छात्र नीचे गिर गया था. इसी बात की शिकायत मिलने पर स्कूल के प्रिंसिपल विष्णु पंवार भड़क उठे और क्लास में पहुंच गए. उन्होंने फर्श पर बैठे नितिन को पहले पीटा और फिर उसे घसीटते हुए अन्य बच्चों के बीच से बाहर निकाला. इसके बाद उसे फर्श पर पटक-पटक कर लात-घूंसों से तब तक मारा जब तक उसके कपड़े नहीं फट गए. बीच-बचाव करने आए अन्य शिक्षकों के हस्तक्षेप के बाद प्रिंसिपल वहां से गए.

धमकाने का आरोप और प्राचार्य की सफाई
पीड़ित छात्र नितिन ने बताया कि प्रिंसिपल की इस बेरहमी से पिटाई के कारण उसके हाथ, गर्दन और कमर में गंभीर चोटें आई हैं.

छात्र के पिता यशवंत चौहान ने आरोप लगाया कि जब वे स्कूल शिकायत लेकर पहुंचे, तो प्रिंसिपल ने अपनी गलती मानने के बजाय धमकी देते हुए कहा, "ये आज बच गया, नहीं तो इसे मैं छत से फेंक देता और कह देता कि अन्य बच्चों ने धक्का दिया है." इस घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय कांग्रेस नेता तरुण बाहेती ने नीमच केंट थाने पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग की. दूसरी ओर, आरोपी प्राचार्य विष्णु पंवार ने अपने ऊपर लगे मारपीट के सभी आरोपों से इंकार किया है.

पुलिस और शिक्षा विभाग की कार्रवाई
घटना के दो दिन बाद यानी सोमवार को नीमच केंट थाने में इस मामले की औपचारिक रिपोर्ट दर्ज की गई. एसपी राजेश व्यास के संज्ञान में मामला आने के बाद उन्होंने तुरंत कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए. वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने भी इस पूरे मामले का संज्ञान लिया है और जांच के बाद स्कूल प्रबंधन व प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की बात कही है.

Date & Time : 2026-09-15 07:34:09

Share:

Leave A Reviews

Related News