
बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उनकी अपकमिंग हॉलीवुड फिल्म ‘द ब्लफ’ से उनका पहला लुक सामने आ गया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. खून से लथपथ चेहरा, हाथों में बंदूक और आंखों में बदले की आग—प्रियंका का यह अवतार पहले से बिल्कुल अलग और बेहद खतरनाक नजर आ रहा है.
प्रियंका ने खुद इंस्टाग्राम पर फिल्म से जुड़ी कई तस्वीरें शेयर की हैं. इन तस्वीरों में वह कभी तलवार लिए दुश्मनों से भिड़ती दिखती हैं, तो कभी बंदूक थामे घायल हालत में नजर आती हैं. कुछ तस्वीरों में वह परिवार के साथ सुकून भरे पल बिताती दिख रही हैं, जो उनके किरदार की भावनात्मक गहराई को दर्शाता है. पोस्ट के कैप्शन में प्रियंका ने लिखा, “मां, रक्षक और समुद्री डाकू. मिलिए ब्लडी मैरी से.”
फिल्म ‘द ब्लफ’ में प्रियंका चोपड़ा एर्सेल बॉडेन उर्फ ‘ब्लडी मैरी’ का किरदार निभा रही हैं—एक कुख्यात पूर्व महिला समुद्री डाकू, जो अपने हिंसक अतीत को पीछे छोड़कर नई जिंदगी शुरू करना चाहती है. लेकिन हालात तब बदल जाते हैं जब उसके पुराने दुश्मन बदला लेने और खोया हुआ सोना वापस पाने के लिए लौट आते हैं. मजबूरी में ब्लडी मैरी को फिर से अपने खौफनाक अतीत का सामना करना पड़ता है.
इस किरदार को और वास्तविक बनाने के लिए प्रियंका ने असल जीवन की महिला समुद्री डाकुओं पर गहन रिसर्च की है. फिल्म में उनके साथ कार्ल अर्बन अहम भूमिका में नजर आएंगे. रूसो ब्रदर्स द्वारा निर्मित इस फिल्म का निर्देशन फ्रैंक ई. फ्लावर्स ने किया है.
प्रियंका के इस लुक पर उनके पति और सिंगर-एक्टर निक जोनस भी फिदा नजर आए. उन्होंने प्रियंका की तस्वीर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा कि वह बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जब पूरी दुनिया इस दमदार परफॉर्मेंस को देखेगी.
फिल्म ‘द ब्लफ’ 1800 के दशक के उत्तरार्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है और 25 फरवरी को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी. प्रियंका का यह निडर और शक्तिशाली अवतार उनके करियर के सबसे अलग और यादगार किरदारों में से एक माना जा रहा है.
Leave A Reviews