
सतना जिले की नगर परिषद कोठी में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को बुधवार को तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। वार्ड क्रमांक 01 में प्रस्तावित मंगल भवन निर्माण स्थल से अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची टीम को आदिवासी परिवारों के विरोध के चलते बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आदिवासी महिलाओं ने मोर्चा संभाल लिया और हाथों में पत्थर लेकर विरोध जताया। महिलाओं ने जेसीबी मशीन को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान एक महिला जेसीबी के सामने खड़ी हो गई, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया।
अधिकारियों ने स्थिति को संभालने और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विरोध लगातार बढ़ता गया, जिसके चलते कार्रवाई को बीच में ही रोकना पड़ा। हालात बिगड़ते देख नगर परिषद की टीम को वापस लौटना पड़ा।
नगर परिषद कोठी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) संजय सिंह ने बताया कि फिलहाल कार्रवाई स्थगित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पर्याप्त पुलिस बल के साथ दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने यह भी स्पष्ट किया कि नगर परिषद अपने प्रस्तावित विकास कार्यों को हर हाल में पूरा करेगी।
Leave A Reviews