Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

रामनगर: राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर महिला कांग्रेस का सद्बुद्धि यज्ञ और उपवास


रामनगर। अयोध्या स्थित भगवान श्री राम मंदिर में भक्तों द्वारा श्रद्धापूर्वक अर्पित किए गए दान और चढ़ावे की राशि गायब होने का मामला अब सियासी तूल पकड़ता जा रहा है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी की इस कथित घटना के विरोध में मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस जिला मैहर द्वारा एक दिवसीय सद्बुद्धि यज्ञ एवं उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सतना कैंप रामनगर में स्थित ऐतिहासिक श्री रामजानकी लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और दोषियों को जल्द से जल्द बेनकाब करने की मांग उठाई।

नगर परिषद अध्यक्ष की अगुवाई में देवी शक्तियों का प्रदर्शन

यह पूरा आध्यात्मिक विरोध प्रदर्शन नगर परिषद रामनगर की अध्यक्ष श्रीमती दीपा दीपू मिश्रा और मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ महिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की संयुक्त अगुवाई में संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में सैकड़ों की तादात में एकजुट हुईं महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने सत्य सनातन वैदिक धर्म के प्रति अपनी गहरी आस्था और विश्वास की रक्षा के लिए हुंकार भरी। इस दौरान महिलाओं ने मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां देकर सद्बुद्धि यज्ञ किया और इस शर्मनाक घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को कठोरतम सजा देने की पुरजोर मांग की।

'करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं पर खुली डकैती'

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं महिला नेताओं ने कड़े शब्दों में कहा कि अयोध्या के श्री राम मंदिर में भक्तों के चढ़ावे की चोरी होना हमारी भारतीय सत्य सनातन वैदिक आस्था और जनमानस के अटूट विश्वास पर सीधा प्रहार है। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह सिर्फ धन की साधारण चोरी नहीं है, बल्कि देश और दुनिया के करोड़ो राम भक्तों की धार्मिक भावनाओं पर डाली गई एक खुली डकैती है, जिसे कोई भी सनातनी कतई स्वीकार नहीं करेगा। कांग्रेस ने साफ किया कि वे धार्मिक आस्थाओं के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगी।

शासन और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग

महिला कांग्रेस ने केंद्र व राज्य शासन और संबंधित प्रशासन से इस संवेदनशील मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर जांच को तेज करने और असली दोषियों पर सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। वक्ताओं ने कहा कि भविष्य में इस तरह के पवित्र धार्मिक स्थलों पर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा और प्रबंधन के बेहद ठोस व पारदर्शी कदम उठाए जाने की तत्काल आवश्यकता है। इस अवसर पर उपवास रखने वाली महिला कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने और आयोजन को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में पुरुष कांग्रेस कार्यकर्ता भी मंदिर परिसर में मौजूद रहे।

Share:

Leave A Reviews

Related News