Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मध्य प्रदेश में 5 साल बाद 3,062 ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती, 16 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन


भोपाल। मध्य प्रदेश में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 3,062 ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रदेश में करीब पांच वर्ष के लंबे अंतराल के बाद ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी जिला कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध रखने के लिए एमपी ई-सेवा पोर्टल (eseva.mp.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र एवं इच्छुक महिलाएं 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगी। शासन ने स्पष्ट किया है कि केवल पोर्टल के जरिए प्राप्त ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे।

21 से 45 वर्ष आयु और 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य, कलेक्टर की निगरानी में होगा चयन

ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के चयन की पूरी कार्यवाही जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जिला स्वास्थ्य समिति के सीधे पर्यवेक्षण में संपन्न होगी। चयन केवल चिन्हित ग्रामों और पूर्व-निर्धारित ग्रामवार संख्या के अनुसार ही किया जाएगा। पात्रता मापदंडों के अनुसार आवेदिका का संबंधित ग्राम की मूल निवासी तथा विवाहित महिला होना अनिवार्य है। आवेदिका की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 45 वर्ष तय की गई है, जबकि न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं कक्षा उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। चयन में मेरिट और शासन के प्राथमिकता संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।

5 मार्च 2027 तक पूरी होगी चयन प्रक्रिया, जानें पूरा टाइमटेबल

प्रशासन द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार, 16 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाने के बाद 17 से 25 दिसंबर तक आवेदनों को ग्रामसभा के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद 26 दिसंबर 2026 से 18 जनवरी 2027 तक संबंधित ग्रामसभाएं चयन प्रस्ताव अनुमोदित करेंगी। प्राप्त प्रस्तावों पर 19 जनवरी से 5 फरवरी 2027 तक विकासखंड (ब्लॉक) स्तर पर दावा-आपत्तियों का निराकरण होगा, जबकि 6 से 25 फरवरी 2027 तक जिला स्तर पर अपीलें सुनी जाएंगी। 26 फरवरी से 5 मार्च 2027 के बीच जिला स्वास्थ्य समिति से अंतिम अनुमोदन मिलने के बाद ही आधिकारिक चयन आदेश जारी होंगे। चयनित अभ्यर्थियों की आईडी बनाने हेतु 6 से 20 मार्च 2027 के बीच दस्तावेज राज्य मुख्यालय को प्रेषित किए जाएंगे।

Date & Time : 2026-11-03 12:33:43

Share:

Leave A Reviews

Related News