
जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर और महाकौशल क्षेत्र के हवाई यात्रियों के लिए एक निराश करने वाली खबर है। इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo Airlines) का नया घरेलू उड़ान शेड्यूल सोमवार से प्रभावी हो गया है। इस नए शेड्यूल के लागू होते ही जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट (Dumna Airport) से संचालित होने वाली उड़ानों की संख्या में बड़ी कटौती दर्ज की गई है, जिससे नियमित सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।
नए टाइमटेबल के अनुसार, जबलपुर से अब प्रति सप्ताह संचालित होने वाली उड़ानों की संख्या 42 से घटकर केवल 36 रह गई है। उड़ानों में की गई इस कटौती का सबसे तगड़ा झटका नवी मुंबई (Navi Mumbai) और आईटी हब बेंगलुरु (Bengaluru) सेक्टर के यात्रियों को लगा है। इन दोनों रूटों पर मिलने वाली प्रतिदिन (Daily) की विमान सेवा को अब पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
अब बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए इंडिगो के विमान सप्ताह के कुछ चुनिंदा दिनों (Selected Days) में ही उड़ान भरेंगे। हालांकि, दिल्ली, इंदौर और हैदराबाद के रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत है, क्योंकि इन शहरों के लिए विमान सेवाएं पहले की तरह ही प्रतिदिन जारी रहेंगी।
हवाई यात्रियों के लिए एकमात्र राहत की बात यह है कि इंडिगो ने उड़ानों के आगमन (Arrival) और प्रस्थान (Departure) के समय में कोई फेरबदल नहीं किया है। लेकिन उड़ानों के दिन कम होने से नियमित यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं (Travel Plans) में बड़े बदलाव करने होंगे।
इन क्षेत्रों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर: जबलपुर से मुंबई और बेंगलुरु के बीच सीधे कनेक्टिविटी के दिन कम होने से सबसे ज्यादा प्रभाव व्यापारियों (Businessmen), उच्च शिक्षा के लिए जाने वाले छात्रों (Students) और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े डॉक्टरों के पास जाने वाले मरीजों (Medical Tourists) पर पड़ेगा। अब यात्रियों को इमरजेंसी में यात्रा करने के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स या फिर अन्य साधनों पर निर्भर रहना होगा, जिससे जेब पर भी असर पड़ सकता है।
Leave A Reviews