
रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा जिले से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है। त्योंथर तहसील के शासकीय माध्यमिक शाला पनासी में पदस्थ प्रिंसिपल वर्षा मांझी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कुर्सी पर आराम से बैठकर कानों में ईयरफोन लगाए हुए हैं और कक्षा 6वीं का एक मासूम छात्र उनके पास खड़ा होकर हाथ के पंखे से उन्हें हवा कर रहा है। मामला संज्ञान में आने के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को जमकर फटकार लगाई है।
वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्रा को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। डीईओ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। यह टीम स्कूल जाकर छात्रों और स्टाफ के बयान दर्ज करेगी। डीईओ का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी प्रिंसिपल का मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है।
इस घटना ने छात्र के परिजनों को डरा दिया है। छात्र के परिवार का कहना है कि वे गरीब और पिछड़े समाज से आते हैं, इसलिए वे बच्चों के भविष्य के डर से शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। उधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने इस मामले में डीईओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। जिला संयोजक पीएन पांडे ने डीईओ की तुलना 'धृतराष्ट्र' से करते हुए कहा कि अधिकारियों की अनदेखी के कारण शिक्षक छात्रों को अपना नौकर समझने लगे हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
Leave A Reviews