
सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भयावह हादसा हो गया। प्लांट के बॉयलर में अचानक हुए जोरदार विस्फोट के कारण अब तक 9 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। इस धमाके के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर उस समय हुआ जब प्लांट में सामान्य कामकाज चल रहा था। अचानक बॉयलर फटने से इतना तेज धमाका हुआ कि उसकी गूँज दूर-दूर तक सुनाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट के बाद प्लांट से धुएं का गुबार उठा और काम कर रहे श्रमिक आग और मलबे की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम राहत-बचाव दल के साथ मौके पर पहुँची।
हादसे में गंभीर रूप से झुलसे और घायल हुए 20 लोगों को तत्काल रायगढ़ भेजा गया। घायलों को रायगढ़ के जिंदल अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक झुलस जाने के कारण इलाज के दौरान 9 लोगों की मौत हो गई है। शेष 12 घायलों का उपचार अभी भी जारी है, जिनमें से कुछ की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद सक्ती जिला प्रशासन और पुलिस बल मौके पर तैनात है। प्लांट प्रबंधन के अधिकारी भी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दे दिए हैं ताकि बॉयलर फटने के वास्तविक कारणों और प्रबंधन की लापरवाही का पता लगाया जा सके। फिलहाल, मृतकों और घायलों की आधिकारिक सूची और पहचान की प्रक्रिया जारी है।
Leave A Reviews