
झारखंड के सारंडा जंगल क्षेत्र में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए बड़ा हमला किया है। मनोहरपुर प्रखंड के छोटानागरा थाना क्षेत्र के बालिबा गांव के पास चडराडेरा में आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन के एक इंस्पेक्टर समेत पांच जवान घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था, तभी नक्सलियों द्वारा पहले से प्लांट किए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। इस हमले में कोबरा बटालियन 205 के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य चार जवानों को मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से चोटें आई हैं।
घटना की पुष्टि अमित रेणु ने की है। उन्होंने बताया कि यह हमला नक्सलियों की सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है। घायल जवानों को तत्काल एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल जवानों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। अधिकारियों के अनुसार, इलाके में सघन अभियान चलाया जा रहा है ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके और इस हमले के जिम्मेदार लोगों को पकड़ा जा सके।
Leave A Reviews