
सतना, देशबन्धु। एमजी रोड स्थित प्रेम नर्सिंग होम की भूमि, भवन निर्माण और संचालन से संबंधित वैधानिक दस्तावेजों को लेकर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई है। शिकायत में संबंधित भूमि के राजस्व रिकॉर्ड, निर्माण अनुमति और चिकित्सा संस्थान के पंजियन सहित अन्य दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायती पत्र में उल्लेख किया गया है कि रघुराजनगर तहसील के पटवारी हल्का सतना अंतर्गत आराजी नंबर 138/1, खसरा/खतौनी क्रमांक 58 एवं 59 की भूमि राजस्व अभिलेखों में मध्यप्रदेश शासन के नाम दर्ज बताई गई है। शिकायतकर्ता ने दस्तावेजों के आधार पर यह जांच कराने का आग्रह किया है कि उक्त भूमि पर प्रेम नर्सिंग होम के संचालन और भवन निर्माण के लिए सक्षम स्तर से वैध अनुमति, लीज अथवा पट्टा प्राप्त है या नहीं?
शिकायत में नगर निगम अथवा सक्षम प्राधिकारी से भवन निर्माण की स्वीकृति, भूमि उपयोग की अनुमति तथा स्वास्थ्य विभाग से नर्सिंग होम संचालन के लिए आवश्यक पंजीयन एवं मान्यताओं की भी जांच कराने की मांग की गई है। शिकायत में कहा गया है कि यदि जांच के दौरान किसी प्रकार का अतिक्रमण, अनधिकृत निर्माण या नियमों के विपरीत संचालन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत और लापरवाही सामने आती है तो उसकी भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
जिला प्रशासन से राजस्व अभिलेखों की प्रमाणित जांच, स्थल निरीक्षण एवं सीमांकन कराने के साथ संबंधित संस्थान द्वारा प्रस्तुत लीज, पट्टा, भवन निर्माण स्वीकृति और स्वास्थ्य संबंधी पंजीयन दस्तावेजों का परीक्षण करने को लेकर शिकायत की गई है और प्रस्तुत शिकायत में संबंधित भूमि के राजस्व रिकॉर्ड, निर्माण अनुमति और चिकित्सा संस्थान के पंजियन सहित अन्य दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
रविकांत तिवारी, पुष्पराज कालोनी
Leave A Reviews