
सतना. मध्य प्रदेश के सतना जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. नेशनल हाईवे-39 पर नेमुआ मोड़ के पास सरिया से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरा. इस हादसे में ट्रक सवार चालक, क्लीनर और एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई. ट्रक की बॉडी में शव इस कदर फंस गए थे कि उन्हें निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा.
सूचना मिलते ही रामपुर बघेलान पुलिस मौके पर पहुँची और करीब 4 घंटे तक चले भारी रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों शवों को बाहर निकाला गया. मृतकों में से दो की पहचान मैहर जिले के दिलीप केवट और विष्णु केवट के रूप में हुई है, जबकि तीसरे व्यक्ति की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं. पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
Leave A Reviews