
ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में सरेराह गुंडागर्दी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शहर के हजीरा थाना क्षेत्र स्थित गदाईपुरा में शनिवार देर रात स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक युवक के घर के बाहर अंधाधुंध हवाई फायरिंग कर दी। वारदात की जड़ 27 अप्रैल को एक मैरिज गार्डन में हुआ मामूली विवाद बताया जा रहा है। फायरिंग की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई, जिसका वीडियो सीसीटीवी (CCTV) में कैद हो गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गदाईपुरा गोपाल नगर निवासी 24 वर्षीय राहुल पटेल 27 अप्रैल को अवंतिका मैरिज गार्डन में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां उसका विवाद यशवर्धन कोरी उर्फ चीकू और सूरज गुर्जर से हो गया था। उस वक्त मौजूद लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था, लेकिन आरोपी इस अपमान का बदला लेने की फिराक में थे।
शनिवार रात करीब 12 बजे जब राहुल अपने घर पर था, तभी यशवर्धन और सूरज स्कूटी से उसकी गली में पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने पहले राहुल के घर के बाहर खड़े होकर अभद्र गालियां दीं। इससे पहले कि कोई बाहर आता या कुछ समझ पाता, आरोपियों ने कट्टा निकाला और हवा में फायर झोंक दिए। सूनसान गली में गोलियों की गूंज से पड़ोसी भी सहम गए।
हवाई फायर करने के बाद बदमाश तुरंत वहां से भागे नहीं, बल्कि राहुल को ललकारते हुए जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने चिल्लाते हुए कहा, "आज तो जिंदा छोड़ रहे हैं, लेकिन दोबारा दिखा तो सीधे सीने में गोली मारेंगे।" वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी अपनी स्कूटी से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहुल की शिकायत पर यशवर्धन और सूरज के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। हजीरा थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने बताया:
आसपास के घरों में लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों के भागने का रूट पता चल सके।
पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किया जाएगा।
Leave A Reviews