
सीहोर जिले के इछावर कस्बे में बुधवार दोपहर एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया। मोगरा रोड पर बारिश के पानी से लबालब भरे एक गहरे गड्ढे में नहाने उतरे तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। तीनों बच्चे इछावर नगर के वार्ड नंबर 12 के निवासी थे। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे दोपहर के समय खेलते हुए मोगरा रोड की ओर निकल गए थे। रास्ते में बारिश के पानी से भरा गहरा गड्ढा देखकर वे उसमें नहाने के लिए उतर गए। पानी की वास्तविक गहराई का अंदाजा न होने के कारण तीनों बच्चे गहरे पानी में समा गए।
काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान मोगरा रोड स्थित गड्ढे में बच्चों के शव पानी की सतह पर तैरते दिखाई दिए, जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
प्रशांत (12 वर्ष) – पिता सुभाल
पृथ्वीराज (10 वर्ष) – पिता सुभाल (प्रशांत का छोटा भाई)
दीक्षांत (11 वर्ष) – पिता अखलेश
दो मासूम सगे भाइयों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे वार्ड में इस घटना के बाद चूल्हे तक नहीं जले।
इछावर थाना प्रभारी रामबाबू राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि मोगरा रोड पर यह गहरा गड्ढा किस निर्माण कार्य के लिए खोदा गया था और क्या वहां सुरक्षा के लिए कोई बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड लगाया गया था या नहीं। जांच में यदि किसी ठेकेदार या विभाग की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reviews