
मैहर जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों का दौर जारी है। इसी क्रम में शासकीय बालक हाई स्कूल मैहर में 19 सितंबर को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान "मेरे सपनों का भारत" विषय के अंतर्गत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन हुआ।
इस कार्यक्रम में मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में दिनेश मौर्या और विद्यालय के प्राचार्य दिनेश मिश्रा मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम का सफल और प्रभावी संचालन शिक्षिका श्रीमती रश्मि खरे द्वारा किया गया।

प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने रंगों और तूलिका के माध्यम से अपने सपनों के भारत की सुंदर और प्रेरणादायी छवियां प्रस्तुत कीं। किसी छात्र ने स्वच्छ और हरित भारत का संदेश दिया, तो किसी ने तकनीकी रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की कल्पना को रंगों में ढाला।
इसके साथ ही आयोजित भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने ओजस्वी विचार व्यक्त किए। उन्होंने शिक्षा, संस्कार, सामाजिक समरसता और देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर बेबाकी से अपनी बात रखी। विद्यालय के समस्त शिक्षकों और सहपाठियों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई सभी चित्रकलाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता और सोच की मुक्तकंठ से सराहना की।
विधायक ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा निखरकर सामने आती है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार और छात्रों ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।



Leave A Reviews