
भोपाल. मध्य प्रदेश में भादो के महीने में मानसून एक बार फिर आक्रामक और उग्र रूप में सक्रिय हो गया है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम और रिमझिम बारिश का दौर लगातार जारी है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए विदिशा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम सहित 19 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है. हालांकि, राहत की बात यह है कि मानसूनी सिस्टम रविवार से आगे बढ़ जाएगा, जिसके बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है.
7 जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ियों की छुट्टी
भारी बारिश के रेड और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए राज्य के 7 जिलों में जिला प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है. श्योपुर, शिवपुरी, गुना, मुरैना, भिंड और ग्वालियर समेत 7 जिलों में नर्सरी से लेकर 8वीं या 12वीं तक की कक्षाओं के छात्रों के लिए छुट्टियां घोषित की गई हैं. एहतियात के तौर पर कई जगहों पर आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखे गए हैं.
सीएम डॉ. मोहन यादव के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संभावित बाढ़ और बारिश की स्थितियों के मद्देनजर सभी जिलों के कलेक्टरों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने कहा है कि बारिश से किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुख्ता इंतजाम पहले से किए जाएं. यदि कोई आपात स्थिति बनती है, तो बचाव और राहत कार्य तुरंत तेजी से शुरू किए जाने चाहिए. साथ ही, बांधों और नदियों के जलस्तर पर नजर रखने के लिए एक से अधिक माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
प्रदेश में बारिश का अब तक का हाल
इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में औसत 30.3 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य (32.12 इंच) से लगभग 7 प्रतिशत कम है. राज्य के 55 में से 23 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है, जिसमें मऊगंज (68% अधिक) और निवाड़ी (66% अधिक) सबसे आगे हैं. हालांकि, अभी भी 31 जिले बारिश की कमी से जूझ रहे हैं.
नदियां उफान पर, जनजीवन प्रभावित
लगातार हो रही बारिश के चलते राज्य की प्रमुख नदियां उफान पर हैं. जबलपुर में बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है और गौरीघाट में पानी दुकानों तक पहुंच गया है. नर्मदापुरम के सेठानी घाट और खंडवा के ओंकारेश्वर में भी जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है. छतरपुर में धसान नदी उफान पर है, जबकि शिवपुरी में मड़ीखेड़ा बांध के गेट खुलने से निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है. सीधी में सोन नदी का जलस्तर बढ़ गया है और पन्ना के अमानगंज में मिढ़ासन नदी का पानी बढ़ने से थाना परिसर तथा अस्पताल में भी पानी भर गया है.
Leave A Reviews