
शहडोल. मध्य प्रदेश के शहडोल में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पुलिस वाहन देखकर चार युवक तालाब में कूद गए। हादसे में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा। घटना चौपाटी के पीछे स्थित तालाब की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों युवकों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। घटना के बाद जिला अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि पुलिस का गश्ती वाहन देखकर चार युवक अचानक तालाब में कूद गए। इनमें से एक युवक तैरकर बाहर आ गया, जबकि तीन अन्य पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही सोहागपुर और कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम को बुलाकर तलाशी अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों युवकों के शव बरामद किए गए।
मृतकों की पहचान घरौला मोहल्ला निवासी समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है। वहीं, तालाब से बाहर निकले पुष्पेंद्र उर्फ पंकज की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका अस्पताल में उपचार जारी है।
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि युवक पुलिस वाहन को देखकर घबरा गए थे और बचने के लिए तालाब में कूद गए। परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि घटना के बाद युवकों को बचाने के लिए समय पर पर्याप्त प्रयास क्यों नहीं किए गए।
हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक युवकों के तालाब में कूदने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं की गई है। सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने तीन युवकों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
तीनों युवकों को जिला अस्पताल लाए जाने के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि अस्पताल में समय पर डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे और एंबुलेंस पहुंचने में भी देरी हुई। इसी बात को लेकर अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया।
रात करीब 10:30 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के सामने धरना दिया। उनका कहना था कि यदि समय पर एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होती तो युवकों की जान बचाई जा सकती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रात करीब 11:30 बजे एडीएम सरोधन सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उनके साथ सोहागपुर एसडीएम अमृता गर्ग और तहसीलदार दीपक पटेल भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों और कांग्रेस नेताओं से बातचीत कर मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बावजूद अस्पताल में देर रात करीब 3 बजे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद लोग शांत हुए।
उधर, घटनास्थल पर भी बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग जमा हो गए थे। स्थिति को देखते हुए वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
घटना के साथ ही अस्पताल में लगाए गए लापरवाही के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है।
इस समिति में प्रशासन की ओर से एडीएम सरोधन सिंह, पुलिस विभाग से एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान और स्वास्थ्य विभाग से सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ को शामिल किया गया है।
समिति घटना की परिस्थितियों, बचाव अभियान, एंबुलेंस की उपलब्धता और जिला अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े आरोपों की जांच करेगी।
मंगलवार को तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपे जाएंगे। कलेक्टर ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इस तरह तीनों परिवारों को कुल 75 हजार रुपये की सहायता मिलेगी।
फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस वाहन देखकर युवक तालाब में क्यों कूदे, उन्हें बचाने में क्या परिस्थितियां रहीं और अस्पताल में इलाज व एंबुलेंस को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, इन सभी पहलुओं का खुलासा जांच समिति की रिपोर्ट के बाद हो सकेगा।
Leave A Reviews