Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

शिवपुरी के कोलारस में नाले में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत


शिवपुरी जिले अंतर्गत कोलारस कस्बे के जेल कॉलोनी क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक हादसा सामने आया है। रेशम केंद्र के पीछे स्थित मोहरा वाले बरसाती नाले में नहाने के दौरान गहरे पानी में समा जाने से दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद जेल कॉलोनी सहित पूरे कोलारस कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है और दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

मोमोज खाने की कहकर निकले थे घर से, नहाते समय बहाव में फंसे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेल कॉलोनी निवासी असरद (6 वर्ष) पुत्र इजराइल खान और डब्बू (7 वर्ष) पुत्र सलमान खान बुधवार दोपहर करीब 3 बजे अपने परिजनों से बाजार में मोमोज खाने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। हालांकि, वे बाजार जाने के बजाय अपने कुछ अन्य हमउम्र साथियों के साथ रेशम केंद्र के पीछे बहने वाले मोहरा वाले नाले की ओर चले गए। बारिश के चलते नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। नहाने के दौरान दोनों मासूम नाले की गहराई का सही आकलन नहीं कर पाए और गहरे पानी में जाकर डूबने लगे। उनके साथ मौजूद अन्य बच्चे घबरा गए और उन्होंने तत्काल दौड़कर परिजनों व मोहल्ले के लोगों को हादसे की सूचना दी।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय नागरिक बदहवास हालत में नाले की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने नाले में छलांग लगाकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, वहां परीक्षण के उपरांत डॉक्टरों ने दोनों मासूमों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे और पार्षद संदीप चंदेल भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

पुलिस ने शुरू की जांच, थाना प्रभारी ने दी जानकारी

कोलारस थाना प्रभारी पुनीत वाजपेयी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जेल कॉलोनी के पास बरसाती नाले में नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से दोनों मासूमों की मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके और अस्पताल पहुंची थी। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Date & Time : 2026-09-10 07:16:49

Share:

Leave A Reviews

Related News