
सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत छतौली गांव में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा।
मृतक की पहचान छतौली निवासी शुभग लाल सिंह गोंड के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुभग लाल एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे को अंजाम देने के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। जैसे ही दुर्घटना की खबर परिजनों और ग्रामीणों को मिली, बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के शव को बीच सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग दो घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों की मांग थी कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से लंबी बातचीत की और उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
माड़ा पुलिस ने अज्ञात हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर फरार वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और प्रशासन द्वारा मुआवजा प्रक्रिया में सहयोग किया जाएगा।
Leave A Reviews