
बालाघाट जिले के देवलगाँव में गुरुवार को शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बारात में घुस गई। इस हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत करीब 12 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार 12 मार्च को Miriya Village से संजय पारधी की बारात लौटकर देवलगांव पहुंची थी। गांव में दूल्हा-दुल्हन के आगे बाराती नाच-गा रहे थे और जश्न का माहौल था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो अचानक बेकाबू हो गई और बारात में घुसते हुए कई लोगों को टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में आने से दूल्हा संजय और दुल्हन रानू सहित कई बाराती घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो चला रहा शंकर मेश्राम नशे की हालत में था। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को उसे सौंप दिया गया। आक्रोशित लोगों ने वाहन में भी तोड़फोड़ कर दी।
हादसे में दुल्हन रानू के चेहरे, होंठ और पेट पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूल्हे संजय के दोनों पैरों में चोट लगी है। इसके अलावा संध्या, चित्ररेखा, दीपिका सहित कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल संध्या पारधी की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल बन गया है। हादसे के कारण शादी के बाद होने वाला आशीर्वाद समारोह फिलहाल टाल दिया गया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave A Reviews