
इंदौर. मशहूर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज ने 'द हंड्रेड' लीग में पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद के चयन को लेकर कड़ा रुख अख्तियार किया है. इंदौर में आयोजित 'सनातन प्रीमियर लीग' (SPL) के दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने काव्या मारन की टीम 'सनराइजर्स लीड्स' द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदे जाने पर तीखा हमला बोला.
"आत्मनिर्भर भारत की बात करें, पाकिस्तान प्रेम क्यों?"
अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि यह समझ से परे है कि भारत के कुछ लोगों को पाकिस्तान से इतना लगाव क्यों है. उन्होंने सीधे शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, "भारतीय क्रिकेटरों को मौका मिलना चाहिए ताकि देश का पैसा देश में ही रहे. अगर हम उन्हें पैसा देंगे, तो उसी पैसे से पाकिस्तान भारत पर मिसाइलें दागेगा." उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को खेलों के मामले में भी आत्मनिर्भर होना चाहिए और स्वदेशी खिलाड़ियों को प्राथमिकता देनी चाहिए.
सनातन प्रीमियर लीग की सराहना
इंदौर में 12 से 15 मार्च तक चलने वाली सनातन प्रीमियर लीग की प्रशंसा करते हुए उन्होंने इसे युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए जरूरी बताया. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने भी अपने जीवन में कई खेल खेले थे, इसलिए खेल न केवल फिटनेस के लिए बल्कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए भी आवश्यक हैं.
इस दौरान कथावाचक देवकीनंदन महाराज भी युवाओं का उत्साहवर्धन करने पहुँचे. उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर असीम प्रतिभा है और यदि इस आयोजन को जनता का समर्थन मिला, तो हर साल इसका विस्तार किया जाएगा. बता दें कि इस लीग में विजेता टीम को ₹31 लाख से अधिक का पुरस्कार दिया जाएगा.
सोशल मीडिया पर बायकॉट की लहर
गौरतलब है कि जब से सनराइजर्स लीड्स ने अबरार अहमद को अपनी टीम में शामिल किया है, तब से सोशल मीडिया पर काव्या मारन और उनकी टीम के खिलाफ 'बायकॉट' के हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं. अनिरुद्धाचार्य के बयान ने इस बहस को और अधिक हवा दे दी है.
Leave A Reviews