Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त से पहले ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने पीएम मोदी से की मुलाकात


नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात ओडिशा सरकार की महत्वाकांक्षी सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त जारी होने से पहले हुई।

नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात ओडिशा सरकार की महत्वाकांक्षी सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त जारी होने से पहले हुई।

बैठक के दौरान प्रवती परिदा ने प्रधानमंत्री को बताया कि सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त 28 अगस्त को रक्षाबंधन (राखी पूर्णिमा) के अवसर पर ओडिशा के नयागढ़ से जारी की जाएगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री को योजना के तहत लाभार्थियों को राशि हस्तांतरण की तैयारियों की जानकारी दी। पांचवीं किस्त के तहत प्रत्येक पात्र महिला के बैंक खाते में 5,000 रुपये डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजे जाएंगे। राज्य सरकार के अनुसार, इस चरण में 1,03,26,162 पात्र महिलाओं को लाभ मिलेगा और कुल 5,160 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उनके खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि लाभार्थियों तक समय पर और बिना किसी बाधा के राशि पहुंचाने के लिए लाभार्थी सत्यापन, ई-केवाईसी, आधार से जुड़े बैंक खाते, एनपीसीआई मैपिंग और अन्य बैंकिंग व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

प्रवती परिदा ने प्रधानमंत्री को यह भी बताया कि सुभद्रा योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन की दिशा में राज्य सरकार की प्रमुख पहल है और पांचवीं किस्त इस लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर 2024 को भुवनेश्वर में सुभद्रा योजना की शुरुआत की थी। ओडिशा सरकार की इस महिला-केंद्रित योजना के तहत पात्र महिलाओं को पांच वर्षों में कुल 50,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। इसके तहत हर वर्ष 10,000 रुपये दो समान किस्तों में, यानी 5,000-5,000 रुपये, डीबीटी के जरिए सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे जाते हैं।

राज्य सरकार ने कहा कि पांचवीं किस्त योजना के क्रियान्वयन का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करने और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पात्र महिलाओं तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share:

Leave A Reviews

Related News